धार। आनंद चौपाटी क्षेत्र में गुरुवार सुबह खून से लथपथ शव मिलने से सनसनी फैल गई, जिसकी पहचान 35 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर कुणाल जोशी के रूप में हुई है। मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने करीब 6 बजे शव देखा और पुलिस को सूचना दी। जांच में सामने आया कि युवक ने खुद पर ही चाकू से हमला किया था, जिससे अत्यधिक खून बहने के कारण उसकी मौत हो गई। कोतवाली थाना प्रभारी दीपक सिंह चौहान के अनुसार सीसीटीवी फुटेज में कुणाल पहले अपनी कलाई काटते हुए और फिर गर्दन पर हमला करते हुए दिखाई दिया। वह गंभीर हालत में भी खुद को नुकसान पहुंचाता रहा। पुलिस के मुताबिक मृतक शराब का आदी था और कुछ समय से मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। घटना स्थल से चाकू बरामद किया गया है और फॉरेंसिक टीम ने जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार कुणाल पहले इंदौर में सॉफ्टवेयर इंजीनियर था, लेकिन पिता के लकवाग्रस्त होने के बाद उनकी देखभाल के लिए नौकरी छोड़कर धार में रहने लगा था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने खुद पर चाकू से किया हमला, खून बहने से मौत




