इंदौर। शहर से हवाई कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए एयरलाइन फ्लाई 91 मई से इंदौर-गोवा के बीच सीधी उड़ान शुरू करने की तैयारी कर रही है। इसके लिए एयरलाइन ने नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) में आवेदन भी कर दिया है। वहीं दूसरी ओर स्टार एयर ने इंदौर को बेलगाम और कोल्हापुर से जोड़ने की तैयारी पूरी कर ली है। इन उड़ानों का संचालन 30 मार्च से शुरू होगा। दोनों फ्लाइट्स मुंबई के रास्ते संचालित होंगी और यात्री बिना विमान बदले अपनी यात्रा पूरी कर सकेंगे। हाल ही में इंदौर में फ्लाई 91 की मैनेजमेंट टीम और ट्रैवल एजेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (टाफी) मध्यप्रदेश चैप्टर के पदाधिकारियों के साथ कॉफी मीट आयोजित की गई, जिसमें प्रस्तावित उड़ानों और संभावित रूट पर चर्चा हुई। टाफी के प्रदेश अध्यक्ष अमोल कटारिया ने बताया कि नई एयरलाइन के आने से यात्रियों को ज्यादा विकल्प मिलेंगे और शहर का अन्य प्रमुख शहरों से हवाई संपर्क मजबूत होगा। खासतौर पर गोवा जैसे लोकप्रिय पर्यटन स्थल के लिए सीधी उड़ान शुरू होने से यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी। फ्लाई 91 के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी मनोज चाको ने बताया कि एयरलाइन फिलहाल गोवा, नांदेड़, सोलापुर, जलगांव, सिंधुदुर्ग, पुणे, अगत्ती, हैदराबाद और कोच्चि सहित नौ शहरों के लिए उड़ानें संचालित कर रही है और जल्द ही इंदौर सहित छह नए शहरों को नेटवर्क से जोड़ा जाएगा, जिससे एयरलाइन का नेटवर्क करीब 15 स्टेशनों तक पहुंच जाएगा। स्टार एयर की बेलगाम और कोल्हापुर उड़ानें सप्ताह में तीन दिन सोमवार, बुधवार और शनिवार को संचालित होंगी। एयरपोर्ट के जनसंपर्क अधिकारी रामस्वरूप यादव के अनुसार इंदौर-मुंबई-बेलगाम फ्लाइट शाम 5:50 बजे इंदौर से रवाना होकर 7:05 बजे मुंबई पहुंचेगी और वहां से 7:45 बजे उड़ान भरकर रात 8:50 बजे बेलगाम पहुंचेगी। वहीं कोल्हापुर-मुंबई-इंदौर फ्लाइट सुबह 10:40 बजे कोल्हापुर से रवाना होकर 11:45 बजे मुंबई पहुंचेगी और वहां से 12:25 बजे उड़ान भरकर 1:40 बजे इंदौर पहुंचेगी। उल्लेखनीय है कि स्टार एयर पहले भी इंदौर से बेलगाम के लिए उड़ान चला चुकी है, लेकिन लॉकडाउन के दौरान सेवाएं बंद होने के बाद दोबारा शुरू नहीं हो सकीं थीं। अब मुंबई कनेक्शन के जरिए बेलगाम और कोल्हापुर से जुड़ने से यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा मिलेगी।
इंदौर से गोवा के लिए सीधी फ्लाइट की तैयारी, बेलगाम और कोल्हापुर कनेक्टिविटी भी बढ़ेगी




