इंदौर। बंगाली चौराहे के पास ग्रेटर बृजेश्वरी कॉलोनी में बुधवार तड़के करीब 4 बजे एक भीषण हादसा हो गया, जब चार्जिंग में लगी इलेक्ट्रिक कार में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई और देखते ही देखते तीन मंजिला मकान इसकी चपेट में आ गया। इस हादसे में शहर के एक बड़े बिजनेसमैन सहित 7 लोगों की जलकर मौत हो गई, जबकि 3 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। पुलिस के मुताबिक पुगलिया परिवार के घर के बाहर खड़ी इलेक्ट्रिक कार में चार्जिंग के दौरान शॉर्ट सर्किट हुआ, जिससे आग कार से घर तक फैल गई और अंदर रखे गैस सिलेंडरों तक पहुंच गई। इसके बाद सिलेंडरों में एक के बाद एक जोरदार धमाके हुए, जिससे मकान का एक हिस्सा ढह गया और अंदर सो रहे लोगों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला। घर में रखे ज्वलनशील केमिकल और 10 से ज्यादा गैस सिलेंडरों के कारण आग और भयावह हो गई। जांच में यह भी सामने आया है कि घर में इलेक्ट्रॉनिक लॉक लगे थे, जो बिजली सप्लाई बंद होने पर नहीं खुल सके, जिससे लोग अंदर ही फंस गए। सूचना मिलते ही दमकल और बचाव दल मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह के अनुसार आग की शुरुआत चार्जिंग पॉइंट पर हुए विस्फोट से हुई थी। हादसे के वक्त घर में परिवार के साथ रिश्तेदार भी मौजूद थे। राज्य सरकार ने घटना को गंभीर बताते हुए जांच के लिए विशेषज्ञ समिति बनाने के निर्देश दिए हैं।
इंदौर में इलेक्ट्रिक कार चार्जिंग के दौरान भीषण आग, 7 लोगों की मौत




