अहमदाबाद। टी-20 क्रिकेट हमेशा से अनिश्चितताओं से भरा रहा है। इस फॉर्मेट में एक दिन की खराब बल्लेबाजी या एक ओवर की खराब गेंदबाजी पूरे मैच का रुख बदल सकती है, इसलिए किसी टीम का लंबे समय तक दबदबा बनाए रखना बेहद मुश्किल माना जाता है। लेकिन पिछले दो वर्षों में भारतीय टीम ने इस धारणा को चुनौती दी है। साल 2024 में भारत ने बारबाडोस में दक्षिण अफ्रीका को हराकर दूसरी बार टी-20 वर्ल्ड कप जीता था और उस जीत को भारतीय टी-20 क्रिकेट की नई शुरुआत माना गया। असली कहानी मार्च 2026 में अहमदाबाद में लिखी गई, जब भारत ने फाइनल में न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर लगातार दूसरा टी-20 वर्ल्ड कप जीत लिया। इसके साथ ही भारत वर्ल्ड कप डिफेंड करने वाला और तीन बार टी-20 वर्ल्ड कप जीतने वाला पहला देश बन गया। इन दो ट्रॉफियों से भी बड़ी बात यह रही कि भारत ने पिछले दो वर्षों में ऐसा सिस्टम तैयार किया, जिसमें जीत किसी एक खिलाड़ी पर निर्भर नहीं रही। टीम लगातार प्रयोग करती रही, हर सीरीज में नए खिलाड़ियों को मौका दिया गया और रणनीतियों में बदलाव किए गए, लेकिन जीत का सिलसिला नहीं टूटा। इसी कारण अब क्रिकेट जगत में टीम इंडिया को टी-20 क्रिकेट की नई सुपरपावर कहा जाने लगा है। भारत आईसीसी रैंकिंग में भी नंबर-1 टीम है, हालांकि इतिहास की सबसे महान टीम बनने के लिए यह दबदबा कई साल तक बनाए रखना होगा। पिछले दो वर्षों में भारत ने लगातार जीत का मजबूत पैटर्न बनाया है। 2024 के वर्ल्ड कप से लेकर 2026 के वर्ल्ड कप तक भारत ने सभी आठ द्विपक्षीय टी-20 सीरीज जीतीं और एशिया कप भी अपने नाम किया। इस दौरान टीम ने 50 में से 41 मैच जीते और सिर्फ 7 हारे, यानी हर 7 में से लगभग 6 मैच भारत ने अपने नाम किए। टीम मैनेजमेंट ने भी कई कड़े फैसले लिए और ‘नाम’ के बजाय ‘फॉर्म’ और ‘इम्पैक्ट’ को महत्व दिया। रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे दिग्गजों के हटने के बाद भी टीम ने संतुलन बनाए रखा। कप्तानी के दावेदार माने जा रहे शुभमन गिल को 2026 वर्ल्ड कप टीम से बाहर रखना और संजू सैमसन व ईशान किशन जैसे खिलाड़ियों को मौका देना इसी रणनीति का हिस्सा था। इस टीम की नींव राहुल द्रविड़ और वीवीएस लक्ष्मण के समय रखी गई थी। द्रविड़ ने एक मजबूत विनिंग टेम्पलेट बनाया, जबकि लक्ष्मण ने एनसीए में बेंच स्ट्रेंथ तैयार की। बाद में कोच गौतम गंभीर और कप्तान सूर्यकुमार यादव ने इसी सिस्टम को आगे बढ़ाते हुए युवा खिलाड़ियों को टीम में फिट किया। पिछले दो साल में भारत ने करीब 33 खिलाड़ियों को आजमाया और लगभग हर सीरीज में अलग संयोजन के साथ मैदान में उतरा, फिर भी जीत का सिलसिला जारी रहा। यही भारत की मजबूत बेंच स्ट्रेंथ को दिखाता है। कप्तान सूर्यकुमार यादव और कोच गौतम गंभीर की जोड़ी ने भी अहम भूमिका निभाई। गंभीर ने ‘हाई रिस्क, हाई रिवॉर्ड’ रणनीति अपनाई, जबकि सूर्या की कप्तानी में टीम ने आक्रामक और मैच-अप आधारित फैसले लिए। टीम में कई मैच विनर खिलाड़ी मौजूद हैं। पिछले आठ द्विपक्षीय सीरीज में छह अलग-अलग खिलाड़ी प्लेयर ऑफ द सीरीज बने, जबकि वर्ल्ड कप में खेले गए नौ मैचों में पांच अलग-अलग खिलाड़ियों को प्लेयर ऑफ द मैच मिला। गेंदबाजी में भी भारत ने दबदबा दिखाया है। पिछले वर्ल्ड कप से अब तक भारत ने फुल मेंबर्स टीमों के खिलाफ सबसे ज्यादा 377 विकेट लिए हैं और 19.46 रन प्रति विकेट का औसत दुनिया में सर्वश्रेष्ठ रहा है। जसप्रीत बुमराह इस आक्रमण के अगुआ रहे और फाइनल में उनका 4/15 का प्रदर्शन निर्णायक साबित हुआ। बल्लेबाजी में टीम की नई पहचान आक्रामक अप्रोच है। पिछले दो वर्षों में भारत ने सबसे ज्यादा 8472 रन बनाए, 157 से अधिक का स्ट्राइक रेट रखा, 8 शतक लगाए और 473 छक्के जड़े। वर्ल्ड कप फाइनल में पावरप्ले में बनाए गए 92 रन और 255 का विशाल स्कोर इसी आक्रामक रणनीति का उदाहरण हैं। यही सभी फैक्टर मिलकर बताते हैं कि भारतीय टीम ने टी-20 क्रिकेट में एक नए दौर की शुरुआत कर दी है।
कैसे टीम इंडिया बनी टी-20 क्रिकेट की नई सुपरपावर, 2 साल में बनाया वर्चस्व का मजबूत सिस्टम




