गुरुग्राम। गुरुग्राम पुलिस ने 11 साल पुराने लूट के मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। थाना सेक्टर-17/18 की पुलिस टीम ने 31 मार्च को आरोपी ताजिर (37) को सेक्टर-50 से पकड़ा। यह मामला 31 जनवरी 2015 की रात का है, जब एक महिला यात्री इफको चौक से सेक्टर-38 जाने के लिए ऑटो में बैठी थी। रास्ते में ऑटो चालक ने उसका मुंह दबाकर मारपीट की और ज्वेलरी, घड़ी, ब्रेसलेट सहित कीमती सामान लूट लिया, फिर उसे ऑटो से धक्का देकर फरार हो गया था। इस घटना के बाद थाना सेक्टर-18 में मामला दर्ज किया गया था, जो लंबे समय से लंबित था। पुलिस की लगातार जांच के बाद आरोपी को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने अपराध कबूल करते हुए बताया कि महिला को अकेला देखकर लालच में उसने वारदात को अंजाम दिया। आरोपी पश्चिम बंगाल के मालदा जिले का रहने वाला है और गुरुग्राम में ऑटो चलाता था। पुलिस ने उसके कब्जे से लूटा गया सामान और वारदात में इस्तेमाल किया गया ऑटो भी बरामद कर लिया है।
11 साल बाद लूट का खुलासा, महिला यात्री से लूट करने वाला आरोपी गिरफ्तार




