गुरुग्राम। मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना के तहत 2709 आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को अपने घर का सपना साकार होने की खुशखबरी मिली है। मंगलवार देर शाम तक चले ड्रा में इन लाभार्थियों को फ्लैट आवंटित किए गए और उन्हें उनकी सोसाइटी व फ्लैट नंबर की जानकारी भी दे दी गई। यह ड्रा गुरुग्राम विश्वविद्यालय में आयोजित किया गया, जिसकी अध्यक्षता योजना के नोडल अधिकारी एवं एडीसी सोनू भट्ट ने की। पूरी प्रक्रिया हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से पारदर्शिता के साथ संपन्न हुई। इस योजना के तहत चयनित परिवारों को लाइसेंस प्राप्त कॉलोनियों में लगभग 200 वर्ग फुट के ईडब्ल्यूएस फ्लैट मात्र 1.50 लाख रुपए की किफायती दर पर दिए जाएंगे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में आवेदक पहुंचे और अपने आवेदन नंबर के आधार पर जानकारी लेते नजर आए। प्रशासन ने मौके पर बैंकों के हेल्प डेस्क भी लगाए, ताकि लाभार्थियों को कम ब्याज दर पर ऋण सुविधा मिल सके। योजना में घुमंतू जाति, विधवा और अनुसूचित जाति के आवेदकों को प्राथमिकता दी गई। अधिकारियों के अनुसार यह योजना सिर्फ आवास उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि कमजोर वर्ग के परिवारों को सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। वहीं लाभार्थियों ने भी खुशी जताते हुए सरकार का आभार व्यक्त किया, जिनमें सिलाई का काम करने वाले मोहम्मद वजीर जैसे लोगों का वर्षों पुराना सपना अब पूरा हो गया है।
मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना: 2709 परिवारों को फ्लैट आवंटित




