सोहना। गुरुग्राम जिले के सोहना क्षेत्र में अपराध शाखा पुलिस ने अवैध हथियार रखने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से एक देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। अपराध शाखा टीम को गुप्त सूचना मिली थी, जिसके आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने भोंडसी क्षेत्र के रिठौज मोड़ के पास से 20 वर्षीय हितेश को पकड़ लिया। आरोपी हितेश त्यागी मोहल्ला किला कॉलोनी बादशापुर का निवासी है। तलाशी के दौरान पुलिस को उसके पास से अवैध देशी कट्टा और एक कारतूस मिला, जिसके बाद उसके खिलाफ भोंडसी थाना में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने यह हथियार गुरुग्राम में एक अज्ञात व्यक्ति से करीब सात हजार रुपए में खरीदा था और पड़ोसियों के साथ चल रहे विवाद के कारण इसे अपने पास रखा हुआ था। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ पहले से हत्या के प्रयास और लूट से जुड़े दो मामले दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है और उसे अदालत में पेश किया जाएगा।
अवैध हथियार के साथ युवक गिरफ्तार, देशी कट्टा और कारतूस बरामद




