गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन सुबह 40 वर्षीय रघुकुल तिलक की गिरकर मौत हो गई। वह दुबई की एक लॉजिस्टिक कंपनी में मैनेजर थे और उसके नोएडा स्थित कार्यालय में कार्यरत थे। पुलिस शुरुआती जांच के आधार पर इसे आत्महत्या मान रही है।
एसीपी नंदग्राम जियाउद्दीन अहमद के मुताबिक घटना सुबह करीब 10 बजे की है। नंदग्राम थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का फॉरेंसिक टीम के साथ निरीक्षण किया। हालांकि, मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।
पुलिस के अनुसार, मूल रूप से जौनपुर के रहने वाले रघुकुल तिलक ब्लूमून सोसायटी के सी-टॉवर में पिता तरुण कुमार सिंह और माता अनुपमा के साथ रहते थे। वह रोज की तरह सुबह करीब साढ़े नौ बजे घर से ऑफिस जाने के लिए निकले थे।
जांच में सामने आया है कि वह अपने टॉवर से नीचे उतरे और करीब 10 से 15 मिनट तक वहीं रुके रहे। इसके बाद वह ई-टॉवर में गए और कुछ देर बाद नीचे गिर गए।
सीसीटीवी में नहीं दिखा पूरा घटनाक्रम
पुलिस के अनुसार, सोसायटी में सीसीटीवी कैमरों की संख्या कम है। इस कारण यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि रघुकुल ई-टॉवर तक कैसे पहुंचे और किस मंजिल से गिरे। पुलिस उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है।
पुलिस ने मृतक का मोबाइल फोन बरामद कर लिया है, जिसे जांच के लिए फॉरेंसिक लैब भेजा जा रहा है। साथ ही कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) भी निकलवाया जा रहा है, ताकि घटना से पहले उनकी गतिविधियों की जानकारी मिल सके।
छह माह पहले हुआ था तलाक
अब तक की पुलिस जांच में सामने आया है कि रघुकुल की शादी करीब पांच वर्ष पहले हुई थी। आपसी विवाद के चलते वह पिछले तीन वर्षों से पत्नी से अलग रह रहे थे और करीब छह माह पहले दोनों का तलाक हो गया था। पुलिस इस पहलू को भी जांच में शामिल कर रही है। एसीपी ने बताया कि परिजनों के अनुसार, रघुकुल किसी तनाव में नहीं थे। वह हमेशा खुश रहते थे। ऐसे में उन्होंने यह कदम क्यों उठाया, अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।
ढाई साल से सोसायटी में रहते थे
पुलिस के अनुसार, रघुकुल के पिता तरुण कुमार सिंह जीडीए से सेवानिवृत्त हैं। वह परिवार समेत करीब ढाई साल से ब्लूमून सोसायटी में रह रहे थे।




