टीलामोड़ थानक्षेत्र के फरुखनगर में 30 मार्च की देर रात लोनी के गीतांजलि विहार निवासी नितिन राठी की हत्या कर दी गई। युवक का शव सड़क किनारे फेंक आरोपी भाग गए। स्थानीय व्यक्ति की सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक को जीटीबी अस्पताल भेजा जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
एसीपी शालीमार गार्डन अतुल कुमार सिंह ने बताया कि नितिन की करीब एक वर्ष पूर्व शादी हुई थी। कुछ समय से दंपति के बीच अनबन चल रही थी। इस विवाद को लेकर नितिन के ससुराल वाले उनके घर भी पहुंचे थे। 30 मार्च को सुलह-समझौते की बात कहकर ससुराल पक्ष के लोग नितिन को साथ लेकर टीलामोड़ के लिए निकले।
रास्ते में किसी बात को लेकर विवाद हुआ और आरोपियों ने नितिन की हत्या कर दी। मामला दो समुदाय के होने की बात भी सामने आ रही है। एसएपी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि दो आरोपी गिरफ्तार कर लिए गए हैं। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।




