फरीदाबाद। जवाहर कॉलोनी के गुरुद्वारा रोड स्थित एक कपड़ों की दुकान में ओपनिंग से पहले ही चोरी का मामला सामने आया है, जहां चोर देर रात दुकान का शटर तोड़कर अंदर घुसे और लाखों रुपये के कपड़े चोरी कर ले गए। दुकान मालिक साहिल ने बताया कि वह अपनी पुरानी दुकान को सड़क के दूसरी तरफ नई दुकान में शिफ्ट कर रहे थे और गुरुवार को इसकी ओपनिंग होनी थी, जिसके लिए वह देर रात तक दुकान में नया माल सजा कर घर चले गए थे। सुबह जब वह दुकान पहुंचे तो शटर टूटा मिला और अंदर से बड़ी मात्रा में कपड़े गायब थे। साहिल के मुताबिक वह दिल्ली से करीब 7 लाख रुपये के नए ब्रांडेड कपड़े लाकर रखे थे, जिनमें से कई लाख रुपये का सामान चोरी हो गया है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है, साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जा सके।
दुकान खुलने से पहले ही चोरी, शटर तोड़कर लाखों के कपड़े ले गए




