फरीदाबाद। शहर के फावड़ा चौक स्थित एक निजी अस्पताल के बाहर मरीज के परिजनों ने ज्यादा बिल वसूली का आरोप लगाते हुए देर शाम हंगामा कर दिया, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामला शांत कराया। कोतवाली थाना क्षेत्र निवासी प्रदीप ने बताया कि उनकी पत्नी रेखा, जो घरों में काम करती है, पिछले एक महीने से बीमार थी और जांच में पित्त की थैली व सांस की नली में पथरी पाई गई। आरोप है कि अस्पताल ने ऑपरेशन का खर्च पहले 57 हजार रुपए बताया था, लेकिन एक हफ्ते बाद 1.28 लाख रुपए का बिल बना दिया, जिसमें से वे 87 हजार रुपए जमा कर चुके थे। परिजनों का कहना है कि हालत में सुधार न होने पर जब वे मरीज को दूसरे अस्पताल ले जाना चाहते थे, तो प्रबंधन ने पूरा भुगतान करने की शर्त रख दी। वहीं अस्पताल संचालक ओम प्रकाश स्त्रोत ने आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि कुल बिल में से करीब 42 हजार रुपए कम किए गए और मरीज से लगभग 56 हजार रुपए ही लिए गए हैं, जबकि बाकी खर्च अस्पताल ने वहन किया। हंगामे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर स्थिति को नियंत्रण में किया और बताया कि शिकायत मिलने पर जांच के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।
अस्पताल के बाहर हंगामा, ज्यादा बिल वसूली के आरोप; पुलिस ने कराया शांत




