नबी करीम थाने का घोषित ‘बैड कैरेक्टर’ है आरोपी, पुलिस कर रही पूछताछ; गैंग से जुड़े अन्य सदस्यों और आपराधिक गतिविधियों की खंगाली जा रही कुंडली
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में अपराधियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में दिल्ली पुलिस ने मुठभेड़ के बाद वांछित गैंग लीडर प्रकाश उर्फ आकाश उर्फ चिनू को गिरफ्तार किया है। आरोपी नबी करीम थाने का घोषित ‘बैड कैरेक्टर’ बताया जा रहा है। उसके खिलाफ थाने में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। गिरफ्तारी के बाद पुलिस उससे पूछताछ कर उसके आपराधिक नेटवर्क और अन्य वारदातों से जुड़े सुराग जुटाने में लगी है।
पुलिस के मुताबिक, प्रकाश लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है और उसकी तलाश की जा रही थी। मुठभेड़ के बाद उसे पकड़ लिया गया। फिलहाल पुलिस उसके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और गैंग से जुड़े लोगों की जानकारी जुटा रही है।
दिल्ली में लगातार हो रही मुठभेड़
राजधानी में बदमाशों की धरपकड़ के लिए पुलिस की विशेष टीमें सक्रिय हैं। इससे पहले 5 अक्टूबर को उत्तर-पूर्वी दिल्ली के उस्मानपुर इलाके में स्पेशल स्टाफ की टीम और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई थी। इस दौरान पुलिस ने मोहम्मद कैफ और मोहम्मद जसीम नाम के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था। मुठभेड़ में दोनों के पैरों में गोली लगी थी।
पुलिस के अनुसार, उस कार्रवाई के दौरान दोनों तरफ से करीब 26 राउंड गोलियां चली थीं। दोनों आरोपियों को घायल हालत में गिरफ्तार कर अस्पताल पहुंचाया गया था।
दिल्ली पुलिस अब प्रकाश उर्फ चिनू से पूछताछ कर उसके खिलाफ दर्ज मामलों, गैंग के अन्य सदस्यों और संभावित आपराधिक वारदातों के बारे में जानकारी जुटा रही है।




