फरीदाबाद के होटल में महिला की गला घोंटकर हत्या, साथ आया युवक फरार; पति-पत्नी बताकर लिया था कमरा

Must read

बल्लभगढ़ में मथुरा रोड स्थित होटल में वारदात से सनसनी, रात को कमरे में बेड पर मिली 35 वर्षीय चांदनी की लाश; CCTV और होटल रिकॉर्ड के आधार पर शेखर की तलाश में जुटी पुलिस

फरीदाबाद। होटल में कमरा लेने के कुछ घंटों बाद ही एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। आरोप है कि उसके साथ होटल पहुंचे युवक ने गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया। वारदात बल्लभगढ़ के मथुरा रोड स्थित एक होटल की है। रात में कर्मचारी कमरे में पहुंचा तो महिला बेड पर अचेत अवस्था में पड़ी थी, जबकि उसके साथ आया युवक गायब था। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतका की पहचान बिहार के मुंगेर जिले के टेटिया गांव निवासी 35 वर्षीय चांदनी के रूप में हुई है। होटल के रजिस्टर में उसके साथ आए युवक का नाम शेखर दर्ज है। पुलिस ने होटल संचालक की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

सुबह कमरा लिया, रात को महिला की मिली लाश

होटल कर्मचारियों के मुताबिक, चांदनी और शेखर शनिवार सुबह करीब 10 बजे होटल पहुंचे थे। दोनों ने खुद को पति-पत्नी बताया और इसी आधार पर कमरा लिया। दिनभर दोनों कमरे के भीतर ही रहे। दोपहर में खाना लेने के लिए बाहर गए और फिर वापस कमरे में आ गए।

रात को जब होटल में दूसरी शिफ्ट का कर्मचारी कमरे की तरफ पहुंचा तो दरवाजा खुला मिला। अंदर चांदनी बेड पर बेसुध पड़ी थी। कर्मचारी ने उसे आवाज देकर उठाने की कोशिश की, लेकिन शरीर में कोई हलचल नहीं हुई। इसके बाद होटल प्रबंधन को जानकारी दी गई। कुछ ही देर में पुलिस को बुला लिया गया।

गले पर मिले निशान, फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

पुलिस महिला को तत्काल सिविल अस्पताल लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। शुरुआती जांच में महिला के गले पर निशान मिलने की बात सामने आई है। पुलिस को आशंका है कि उसकी गला घोंटकर हत्या की गई है।

मौके पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने होटल के कमरे से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस होटल के रजिस्टर और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर घटनाक्रम की जांच कर रही है।

पति बेंगलुरु में, बच्चे गांव में रहते हैं

जांच में सामने आया है कि चांदनी पलवल के गदपुरी इलाके में किराये के मकान में अकेली रहती थी और मेहनत-मजदूरी करके गुजारा करती थी। उसका पति बेंगलुरु में नौकरी करता है, जबकि बच्चे बिहार स्थित गांव में रहते हैं।

होटल में उसके साथ आया शेखर भी मूल रूप से मुंगेर जिले का रहने वाला बताया जा रहा है। हालांकि, वह स्थानीय स्तर पर कहां रहता था, इसकी जानकारी अभी पुलिस को नहीं मिल सकी है।

होटल संचालक की शिकायत पर हत्या का केस

शहर थाना प्रभारी उमेश कुमार के मुताबिक, होटल संचालक की शिकायत पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। मृतका के बिहार में रहने वाले परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस फरार शेखर की तलाश में जुटी है।

फिलहाल पुलिस होटल में दोनों के आने से लेकर महिला का शव मिलने तक की पूरी गतिविधियों की पड़ताल कर रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की आधिकारिक पुष्टि हो सकेगी।

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

Latest article