गाजियाबाद में मेडिकल वेस्ट के गोदाम में भीषण आग, 8 घंटे तक मची अफरातफरी; बाइक जलकर राख

Must read

मुरादनगर के पुर्सी गांव में देर रात लगी आग से इलाके में मचा हड़कंप, संकरी गली के कारण दमकलकर्मियों को आई परेशानी; 25 टैंकर पानी से सुबह बुझी आग

गाजियाबाद। मुरादनगर में शनिवार देर रात मेडिकल प्लास्टिक वेस्ट के गोदाम में लगी आग ने विकराल रूप ले लिया। देखते ही देखते आग की लपटें आसमान तक उठने लगीं और पूरे इलाके में धुएं का गुबार फैल गया। आग की भयावहता देखकर आसपास के मकानों में रहने वाले लोग घबराकर बाहर निकल आए। सूचना पर पहुंची पुलिस और दमकल विभाग की टीम को आग बुझाने के लिए करीब आठ घंटे तक जूझना पड़ा। रविवार सुबह छह बजे आग पर काबू पाया जा सका। इस घटना में गोदाम परिसर में खड़ी एक बाइक जलकर नष्ट हो गई। राहत की बात रही कि कोई हताहत नहीं हुआ।

रात 10 बजे गोदाम से उठने लगा धुआं

घटना मुरादनगर क्षेत्र में पुर्सी गांव के पास स्थित मेडिकल प्लास्टिक वेस्ट के गोदाम की है। कस्बा निवासी अय्यूब इस गोदाम का संचालन करते हैं, जहां कई कर्मचारी काम करते हैं। शनिवार रात करीब 10 बजे गोदाम परिसर से अचानक धुआं उठता दिखाई दिया। उस समय वहां कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था।

स्थानीय लोगों ने तत्काल गोदाम मालिक को सूचना दी। अय्यूब मौके पर पहुंचे और आसपास के लोगों के साथ मिलकर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग तेजी से फैलती चली गई। कुछ ही देर में लपटें इतनी ऊंची हो गईं कि आसपास के लोग दहशत में अपने घरों से बाहर आ गए।

संकरी गली बनी दमकलकर्मियों के लिए चुनौती

सूचना मिलने पर पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन गोदाम तक जाने वाला रास्ता संकरा होने के कारण दमकल की गाड़ियां अंदर नहीं पहुंच सकीं। ऐसे में कर्मचारियों ने लंबा पाइप डालकर आग बुझाने का अभियान शुरू किया। आग पर नियंत्रण पाने के लिए गोदाम की पिछली दीवार तक तोड़नी पड़ी।

आग लगातार फैलती देख अतिरिक्त दमकल गाड़ियों को भी बुलाया गया। गोदाम में रखी कांच की बोतलों में गैस भरी होने के कारण उनके फटने की आवाजें आती रहीं। इससे मौके पर मौजूद लोगों में दहशत और बढ़ गई।

25 टैंकर पानी के बाद मिली सफलता

मोदीनगर दमकल विभाग के निरीक्षक अमित कुमार के मुताबिक, आग बुझाने के अभियान में मोदीनगर की तीन दमकल गाड़ियों के अलावा आयुध निर्माणी फैक्टरी और गाजियाबाद कोतवाली फायर स्टेशन की गाड़ियों को भी लगाया गया। करीब 25 टैंकर पानी खर्च करने के बाद रविवार सुबह छह बजे आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका।

आग की चपेट में आने से गोदाम परिसर में खड़ी एक मोटरसाइकिल जल गई। हालांकि, घटना में किसी के घायल होने या जान जाने की सूचना नहीं है।

आग लगने की वजह की जांच शुरू

थाना प्रभारी कृष्ण कुमार मौर्य पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी की। फिलहाल गोदाम में आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। दमकल विभाग और पुलिस घटना के कारणों की जांच कर रहे हैं। जांच पूरी होने के बाद ही आग लगने की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

Latest article