फरीदाबाद। नगला एनक्लेव पार्ट-2 में बुधवार देर रात दो हथियारबंद युवकों ने हरियाणा पुलिस के एक रिटायर्ड सब इंस्पेक्टर के घर को निशाना बनाकर फायरिंग कर दी। हमलावरों ने एक के बाद एक तीन गोलियां चलाईं। उस समय रिटायर्ड एसआई सुरजीत बैंसला अपने परिवार के साथ घर के अंदर सो रहे थे। गनीमत रही कि फायरिंग में परिवार का कोई सदस्य घायल नहीं हुआ।
गोलीबारी में घर की खिड़की का शीशा टूट गया, जबकि एक गोली दीवार में जा लगी। आरोपियों ने एक गोली हवा में भी चलाई। वारदात के बाद दोनों हमलावर बुलेट बाइक से फरार हो गए।
पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। करीब 59 सेकेंड के फुटेज में दोनों संदिग्धों के चेहरे और उनकी गतिविधियां दिखाई दे रही हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर फुटेज के आधार पर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
आधी रात घर के सामने पहुंचे दो युवक
रिटायर्ड सब इंस्पेक्टर सुरजीत बैंसला वर्ष 2023 में हरियाणा पुलिस से सेवानिवृत्त हुए थे। वह परिवार के साथ नगला एनक्लेव पार्ट-2 में रहते हैं। घटना बुधवार रात करीब दो बजे हुई।
सीसीटीवी फुटेज में दो युवक पैदल घर की तरफ आते दिखाई देते हैं। इनमें से एक ने नीले रंग की टी-शर्ट पहन रखी है और सिर पर पीले रंग का गमछा लपेटा हुआ है। दूसरा युवक सफेद कमीज पहने नजर आ रहा है।
आरोप है कि घर के सामने पहुंचते ही गमछा बांधे युवक ने हथियार निकाला और मकान की तरफ गोली चला दी। इसके बाद उसका साथी भी हथियार निकालता दिखाई देता है।
कुछ देर रुकने के बाद पहला युवक पीछे हटता है और दोबारा घर की तरफ फायरिंग करता है। इसके बाद एक और गोली हवा में चलाई जाती है।
जाते-जाते जमीन से उठाए गोली के खोखे
सीसीटीवी फुटेज में वारदात का एक और अहम हिस्सा कैद हुआ है। फायरिंग के बाद सफेद कमीज पहना युवक जमीन पर पड़े गोली के खोखे उठाकर अपनी जेब में रखता दिखाई देता है।
इसके बाद दोनों वहां से निकल जाते हैं और कुछ ही देर में बुलेट बाइक पर सवार होकर फरार हो जाते हैं।
पुलिस अब फुटेज के आधार पर दोनों युवकों की पहचान करने के साथ यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि उन्होंने खोखे उठाकर ले जाने का प्रयास सबूत मिटाने के उद्देश्य से किया था या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी।
पड़ोसी ने बताया तब परिवार को चली फायरिंग की खबर
सुरजीत बैंसला के मुताबिक वारदात के समय पूरा परिवार सो रहा था। उन्हें तत्काल गोलीबारी के बारे में जानकारी नहीं हुई। बाद में एक पड़ोसी ने बताया कि उनके घर पर फायरिंग हुई है।
इसके बाद परिवार ने घर के सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग देखी तो दो युवक गोली चलाते नजर आए।
बैंसला का कहना है कि वह दोनों हमलावरों को नहीं पहचानते और उन्हें यह भी नहीं पता कि उनके घर को निशाना क्यों बनाया गया।
हमलावर कौन और निशाने पर रिटायर्ड SI का घर क्यों?
सारण थाना पुलिस के लिए फिलहाल दो बड़े सवाल हैं—हमलावर कौन थे और उन्होंने रिटायर्ड पुलिसकर्मी के घर को ही निशाना क्यों बनाया?
थाना प्रभारी हुकुम सिंह के मुताबिक परिवार की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ सीसीटीवी फुटेज को जांच में शामिल किया है।
आसपास लगे अन्य कैमरों की फुटेज के जरिए आरोपियों के आने और फरार होने का रास्ता तलाशा जा रहा है। पुलिस पुरानी रंजिश समेत विभिन्न पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के बाद ही फायरिंग के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।




