गाजियाबाद। लोनी में बृहस्पतिवार रात चाऊमीन खाने के लिए दोस्त के साथ निकले 22 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बंथला-चिरोड़ी मार्ग पर बिना नंबर की बाइक से पहुंचे तीन हमलावरों ने सोनू नाम के युवक को निशाना बनाकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। तीन गोलियां लगने के बाद वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। अचानक गोलियां चलने से मौके पर भगदड़ मच गई और आसपास मौजूद लोग जान बचाने के लिए भागने लगे।
हमलावर वारदात को अंजाम देने के बाद बाइक से फरार हो गए। सोनू को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हत्या के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं है। पुलिस ने आरोपियों की पहचान और वारदात की वजह पता लगाने के लिए तीन टीमें गठित की हैं।
दोस्त के साथ ठेले पर खड़ा था सोनू
चिरोड़ी गांव निवासी मुस्तकीम मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। उनके पांच बेटों में सोनू चौथे नंबर का था। वह चिरोड़ी स्थित एक मेडिकल स्टोर पर काम करता था।
बृहस्पतिवार रात सोनू अपने एक दोस्त के साथ बंथला-चिरोड़ी मार्ग पर पहुंचा था। दोनों एक ठेले के पास चाऊमीन खाने के लिए खड़े थे। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट वाली बाइक पर तीन युवक वहां पहुंचे।
आरोप है कि बाइक सवारों ने सोनू को निशाना बनाकर अचानक गोलियां चलानी शुरू कर दीं। एक के बाद एक हुई फायरिंग से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही हमलावर वारदात को अंजाम देकर मौके से निकल गए।
तीन गोलियां लगीं, अस्पताल पहुंचने से पहले बिगड़ी हालत
फायरिंग में सोनू को तीन गोलियां लगीं और वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर गया। उसके साथ मौजूद दोस्त ने पुलिस को वारदात की सूचना दी और सोनू को अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और मौके का निरीक्षण किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ पुलिस ने हत्या की जांच शुरू कर दी है।
क्या पहले से की गई थी रेकी? पुलिस खंगाल रही मोबाइल
पुलिस को अभी हत्या के पीछे किसी ठोस वजह की जानकारी नहीं मिली है। हालांकि वारदात के तरीके को देखते हुए पुलिस को आशंका है कि सोनू की गतिविधियों पर पहले से नजर रखी गई हो सकती है। इसकी पुष्टि के लिए घटनाक्रम और आरोपियों की गतिविधियों की जांच की जा रही है।
सोनू का मोबाइल फोन भी पुलिस ने कब्जे में लिया है। कॉल रिकॉर्ड और अन्य जानकारियों के जरिए यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि उसकी किसी से पुरानी रंजिश थी या हाल के दिनों में कोई विवाद हुआ था। पुलिस अन्य संभावित कारणों को भी जांच के दायरे में रख रही है।
CCTV में तलाशे जा रहे बिना नंबर की बाइक पर आए हमलावर
एसीपी लोनी रामकिशन के मुताबिक घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। वारदात के समय सोनू के साथ मौजूद दोस्त से भी घटनाक्रम के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
हमलावरों की पहचान और हत्या की वजह का पता लगाने के लिए तीन पुलिस टीमें लगाई गई हैं। मृतक के परिजनों से भी बातचीत की जा रही है। पुलिस के मुताबिक शिकायत मिलने के बाद उसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




