NH-9 पर खराब खड़ी पिकअप में जा घुसी तेज रफ्तार कैब, चालक समेत दो गंभीर घायल; हाईवे पर लगा जाम

Must read

गाजियाबाद। वेव सिटी इलाके में मंगलवार दोपहर एनएच-9 पर भीषण सड़क हादसा हो गया। हापुड़ से गाजियाबाद की ओर आ रही स्विफ्ट डिजायर कैब सड़क पर पहले से खराब खड़ी बोलेरो पिकअप से पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कैब का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में चालक और कार में सवार एक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना दोपहर करीब साढ़े तीन बजे की बताई जा रही है। हादसे के बाद एनएच-9 पर वाहनों की रफ्तार थम गई और कुछ समय के लिए जाम की स्थिति बन गई। सूचना मिलने पर वेव सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाने के साथ क्षतिग्रस्त वाहनों को हाईवे से हटाने की कार्रवाई शुरू की।

सड़क पर खराब खड़ी थी बोलेरो पिकअप

एसीपी वेव सिटी प्रियाश्री पाल के मुताबिक बोलेरो पिकअप एनएच-9 पर खराब होने के कारण खड़ी थी। इसी दौरान हापुड़ की तरफ से गाजियाबाद आ रही स्विफ्ट डिजायर कैब पीछे से पिकअप से जा टकराई।

हादसे में कैब चला रहे अमरोहा निवासी 26 वर्षीय सोनू और कार में सवार हापुड़ निवासी एक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर के बाद आसपास से गुजर रहे राहगीर भी मदद के लिए मौके पर पहुंचे।

पुलिस ने राहगीरों की सहायता से दोनों घायलों को वाहन से निकालकर जिला एमएमजी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है।

क्रेन से हटाए क्षतिग्रस्त वाहन, तब खुला हाईवे

हादसे के बाद दोनों वाहन सड़क पर क्षतिग्रस्त हालत में खड़े होने के कारण एनएच-9 पर यातायात प्रभावित हो गया। पीछे वाहनों की कतार बढ़ने लगी। पुलिस ने क्रेन बुलाकर दुर्घटनाग्रस्त कैब और पिकअप को सड़क से हटवाया, जिसके बाद यातायात सामान्य कराया जा सका।

पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और सड़क पर खराब खड़ी पिकअप के आसपास सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए थे या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है।

पुलिस के मुताबिक मामले में शिकायत मिलने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

Latest article