नई दिल्ली। दिल्ली के टिकरी कलां इलाके में बुधवार को एक सीएनजी स्टेशन पर बड़ा हादसा हो गया। वाहन में सीएनजी भरने के दौरान गैस टैंक में जोरदार विस्फोट हो गया। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल बताए जा रहे हैं।
समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, विस्फोट इतना तेज था कि इसकी चपेट में स्टेशन के पास खड़े लोग भी आ गए। दिल्ली अग्निशमन सेवा के एक अधिकारी ने बताया कि हादसे में छह लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
दिल्ली अग्निशमन सेवा को घटना की सूचना बुधवार दोपहर 3:37 बजे मिली। सूचना मिलते ही छह दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया।
हादसे के बाद सीएनजी स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई। विस्फोट किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस और संबंधित एजेंसियां हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी हैं।




