नई दिल्ली, 10 अगस्त। उत्तरी दिल्ली के रूप नगर इलाके में हथियारबंद बदमाशों ने एक बुजुर्ग ऑटो पार्ट्स कारोबारी और उनकी पत्नी को बंधक बनाकर एक करोड़ रुपये से अधिक की लूट की वारदात को अंजाम दिया। शुक्रवार देर रात हुई इस घटना के दौरान विरोध करने पर बदमाशों ने दंपती के साथ मारपीट की और उनके हाथ-पैर बांध दिए। इसके बाद अलमारी और तिजोरियों के ताले तोड़कर करीब 10 लाख रुपये नकद, सोने-चांदी के आभूषण और कीमती सामान लेकर फरार हो गए।
वारदात की सूचना मिलते ही उत्तरी जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया। पीड़ित 74 वर्षीय तारेश बैसीवाला की शिकायत पर पुलिस ने लूट का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, तारेश बैसीवाला अपनी 70 वर्षीय पत्नी अर्चना के साथ रूप नगर स्थित बंगले में रहते हैं। उनका कश्मीरी गेट इलाके में ऑटो पार्ट्स का कारोबार है। शुक्रवार रात करीब 2:30 बजे तारेश वॉशरूम जाने के लिए उठे। उन्होंने देखा कि घर में पानी नहीं आ रहा था। इसके बाद वह मेन गेट खोलकर मोटर चलाने के लिए बाहर निकले। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे चार बदमाशों ने उन्हें हथियारों के बल पर बंधक बना लिया।
बताया जा रहा है कि बदमाशों में दो ने हेलमेट पहन रखा था, जबकि दो अन्य ने चेहरे ढक रखे थे। उनके पास पिस्टल, चाकू और लोहे की रॉड थी। बदमाशों ने तारेश से अलमारी और तिजोरी की चाबी मांगी। चाबी देने से इनकार करने पर आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की। इसके बाद उनकी पत्नी अर्चना को भी बंधक बना लिया गया और दोनों के हाथ-पैर बांध दिए गए।
रॉड से अलमारी और तिजोरी के ताले तोड़े
चाबी नहीं मिलने पर बदमाशों ने लोहे की रॉड की मदद से अलमारी और तिजोरी के ताले तोड़ दिए। इसके बाद वहां रखा नकदी और जेवरात समेत बड़ी मात्रा में कीमती सामान समेट लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
10 लाख नकद समेत सोने-चांदी के जेवरात ले गए
पुलिस के अनुसार, बदमाश घर से करीब 10 लाख रुपये नकद, 20 सोने की चेन, 25 अंगूठियां, पांच सोने के सिक्के और एक सोने का नेकलेस सेट ले गए। इसके अलावा करीब पांच किलो वजन की चांदी की मूर्तियां, एक हजार चांदी के सिक्के और अन्य कीमती सामान भी लूटा गया। पुलिस ने लूटे गए सामान की कुल कीमत एक करोड़ रुपये से अधिक बताई है।
करीबी की सूचना पर वारदात की आशंका
पुलिस को आशंका है कि बदमाशों को घर में मौजूद नकदी और जेवरात की जानकारी किसी करीबी व्यक्ति से मिली हो सकती है। इसी दिशा में पुलिस घर के नौकरों और कारोबारी के कर्मचारियों से पूछताछ कर रही है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि बदमाशों के आने और फरार होने के रास्ते का पता लगाया जा सके। पुलिस आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने के प्रयास में जुटी है।




