गाजियाबाद। टीला मोड़ थाना क्षेत्र की इकबाल कॉलोनी में शुक्रवार शाम करंट लगने से आठ वर्षीय अयान की मौत हो गई, जिसके बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। परिजनों का आरोप है कि इलाके में बिजली के खंभों और ट्रांसफार्मर में करंट आने की शिकायत कई बार बिजली विभाग से की गई थी, लेकिन समय रहते कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। बताया गया कि अयान बिजली के पोल के पास नाली की ओर गया था और दो अन्य बच्चों के साथ आगे बढ़ते समय अचानक करंट की चपेट में आकर जमीन पर गिर पड़ा। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से करंट फैलने की समस्या बनी हुई थी, जबकि हादसे के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने इसे अधिकारियों की कथित लापरवाही का नतीजा बताते हुए कार्रवाई की मांग की है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
करंट की चपेट में आने से 8 वर्षीय मासूम की मौत, बिजली विभाग पर लापरवाही के आरोप




