गाजियाबाद। एमएमजी अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में बुधवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया जब एक महिला चाकू लेकर पहुंच गई और वहां मौजूद डॉक्टरों, कर्मचारियों तथा मरीजों के बीच भय का माहौल पैदा कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार महिला ने इमरजेंसी कक्ष में जमकर हंगामा किया, टेबल पर रखी फाइलें फेंक दीं और डॉक्टरों को धमकाने लगी। स्थिति बिगड़ती देख कई डॉक्टर और कर्मचारी अपनी सुरक्षा के लिए वहां से हट गए, जबकि मरीज और उनके परिजन भी वार्ड से बाहर निकल आए। अस्पताल प्रशासन की सूचना पर सुरक्षा कर्मियों ने महिला को काबू में कर उसके हाथ से चाकू छीन लिया और बाद में पुलिस के हवाले कर दिया। अस्पताल प्रशासन के अनुसार महिला ब्लड प्रेशर जांच कराने आई थी और चिकित्सकीय प्रक्रिया को लेकर हुए विवाद के बाद उसने आक्रामक व्यवहार शुरू कर दिया। पुलिस जांच में महिला की पहचान साहिबाबाद निवासी के रूप में हुई है। परिजनों ने दावा किया है कि वह उपचाराधीन है और उसका इलाज दिल्ली के एक अस्पताल में चल रहा है। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज, अस्पताल कर्मियों के बयान और अन्य तथ्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
MMG अस्पताल की इमरजेंसी में चाकू लेकर पहुंची महिला, डॉक्टरों और मरीजों में मची अफरा-तफरी




