गाजियाबाद। लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र में एक नाबालिग लड़की से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। परिजनों के आरोप के अनुसार पड़ोसी युवक सिराज पिछले तीन महीनों से डरा-धमकाकर नाबालिग का यौन शोषण कर रहा था। लड़की की तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल में जांच के दौरान उसके तीन माह की गर्भवती होने का पता चला, जिसके बाद परिजनों ने आरोपी के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। परिजनों ने आरोप लगाया कि आरोपी की ओर से समझौते के लिए दबाव बनाया जा रहा था। मामले की जानकारी मिलने पर भाजपा विधायक नंदकिशोर गुर्जर पीड़ित परिवार से मिले और बाद में थाने पहुंचकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की। देर रात पुलिस और आरोपी के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें पैर में गोली लगने के बाद आरोपी सिराज को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार, पीड़िता तीन माह की गर्भवती मिली




