नई दिल्ली। इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर गुरुवार दोपहर करीब 2 बजे स्पाइसजेट और अकासा एयर के विमानों के बीच टक्कर हो गई। जानकारी के मुताबिक अकासा एयर का विमान हैदराबाद के लिए पार्किंग एरिया में खड़ा था, तभी लेह से आया स्पाइसजेट का विमान उससे टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्पाइसजेट के दाहिने पंख का हिस्सा टूटकर अकासा विमान के पिछले हिस्से में जा फंसा। घटना के बाद एयरपोर्ट स्टाफ ने तुरंत सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया और राहत की बात यह रही कि किसी को चोट नहीं आई। हादसे के बाद दोनों विमानों को दिल्ली एयरपोर्ट पर ही ग्राउंड कर दिया गया है और अगली उड़ानों के लिए इस्तेमाल नहीं किया जाएगा। अकासा एयर ने कहा कि उनका विमान पार्किंग में था, जबकि नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने जांच के आदेश देते हुए संबंधित एटीसी अधिकारी और स्पाइसजेट के पायलटों को फिलहाल ड्यूटी से हटा दिया है। घटना की विस्तृत जांच जारी है।
दिल्ली एयरपोर्ट पर दो विमानों की टक्कर: स्पाइसजेट और अकासा एयर प्लेन क्षतिग्रस्त, सभी यात्री सुरक्षित




