ज्वेलर भाइयों को बंधकर बनाकर 30 किलो चांदी और आठ लाख रुपए लूटे

Must read

पलवल। गदपुरी थाना अंतर्गत दिल्ली-वडोदरा एक्सप्रेसवे पर बदमाशों ने हथियारों के बल पर दो सर्राफा व्यापारियों से उनकी कार, 30 किलो चांदी और आठ लाख रुपये की नकदी लूट ली। बदमाशों ने पीड़ितों के साथ मारपीट की और उन्हें बंधक बनाकर सुनसान जगह पर फेंक दिया। पीड़ित किसी तरह पुलिस के पास पहुंचे और मामले की सूचना दी। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी गई शिकायत में नूंह के फिरोजपुर झिरका के रहने वाले कपिल सिंगला ने बताया कि वह अपने भाई शुभम के साथ 11 मार्च को अपनी स्विफ्ट कार से कच्ची चांदी लेकर दिल्ली गए थे। दिल्ली के कूचा महाजनी से चांदी बदलवाकर और आठ लाख रुपये नकद लेकर वे शाम करीब चार बजे वापस घर के लिए रवाना हुए। उन्होंने चांदी को ड्राइवर सीट के नीचे और नकदी को डिग्गी में एक बैग में रखा था। शाम करीब पांच बजे जब वे दिल्ली-वडोदरा एक्सप्रेसवे पर कैली गांव बाईपास से पांच किलोमीटर आगे बढ़े, तभी एक सिल्वर रंग की ईको कार ने उनकी गाड़ी का रास्ता रोक लिया। कार से उतरे पांच नकाबपोश युवकों ने उनकी गाड़ी के शीशे तोड़ दिए और कट्टा दिखाकर उन्हें जान से मारने की धमकी दी। बदमाशों ने दोनों भाइयों को लोहे की चेन और हाथों से बुरी तरह पीटा और उन्हें गाड़ी के फर्श पर डाल दिया। लुटेरे पीड़ितों की ही कार में बैठकर उसे चलाने लगे। करीब दो घंटे तक बंधक बनाए रखने के बाद रात करीब आठ बजे बदमाशों ने दोनों भाइयों के हाथ बांधकर उन्हें बंचारी गांव के पास एक नाले की पटरी पर फेंक दिया और गाड़ी, चांदी व नकदी लेकर फरार हो गए। देर रात किसी तरह बंधन मुक्त होकर पीड़ितों ने पुलिस को सूचना दी। घटना की सूचना मिलते ही गदपुरी थाना पुलिस हरकत में आई। थाना प्रभारी कुलदीप सिंह ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की धरपकड़ के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

Latest article