पलवल। पश्चिम एशिया में चल रहे युद्ध के बीच गैस की किल्लत से इसकी कालाबाजारी शुरू हो गई है। ढाबे, रेस्टोरेंट व होटल मालिक ब्लैक में घरेलू गैस सिलिंडर खरीदने को मजबूर हैं। 915 रुपये वाले घरेलू गैस सिलिंडर के लिए 1700 से दो हजार रुपये में तक वसूले जा रहे हैं। इससे घरों में भी रसोई गैस को लेकर परेशानी हाे रही है। लगातार हो रही कालाबाजारी के बीच अब खाद्य आपूर्ति विभाग ने कार्रवाई की है। होडल में पुलिस और खाद्य आपूर्ति विभाग की कार्रवाई में एक परचून की दुकान पर छापा मारकर 33 गैस सिलिंडर बरामद किए हैं। मामले में दुकानदार के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस के अनुसार 13 मार्च की रात को सूचना मिली थी कि होडल के बठैनिया मोहल्ला का रहने वाला प्रवीन अपनी दुकान पर घरेलू गैस सिलिंडरों की अवैध तरीके से खरीद-फरोख्त कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दुकान की तलाशी ली। तलाशी के दौरान पांच किलोग्राम के 30 छोटे गैस सिलिंडर और 14.2 किलोग्राम के तीन बड़े सिलिंडर बरामद किए गए। जिनमें दो भरे हुए और एक खाली पाया गया।
घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी का भंडाफोड़, 33 सिलेंडर जब्त




