यातना गृह बन रहे नशा मुक्ति केंद्र: लोनी में मरीज की पीट-पीटकर हत्या, केंद्र को बंद करके भागे केंद्र संचालक

Must read

विशेष संवाददाता

गाजियाबाद। गाजियाबाद के नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती एक युवक की गुरुवार रात पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद केंद्र संचालक और उसके साथी लाश को वहीं बंद करके ताला लगाकर भाग निकले। शुक्रवार सुबह पुलिस ने शव को बरामद कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। जिसकी हत्या हुई है, उसका नाम अंकित बत्रा है। उम्र 42 साल थी। वह पश्चिम विहार में रहता था। एक दिन पहले यानी 15 मार्च को ही पत्नी ने अंकित को यहां भर्ती कराया था। अंकित को शराब की लत थी।

​​​​​​यह पूरा मामला ​ट्रोनिका सिटी इलाके के खानपुर गांव के नशा मुक्ति केंद्र का है। इसका संचालन अविष्का फाउंडेशन NGO करती है। केंद्र संचालक विपिन ठाकुर है। बताया जा रहा है कि गुरुवार रात अंकित का वहां रहने वाले लोगों से किसी बात पर विवाद हो गया। इसके बाद आपस में खूब मारपीट हुई। इस दौरान अंकित को लाठी-डंडों और लात-घूसों से पीटा गया। अंकित को अधमरा करने के बाद केंद्र संचालक और उसके साथी बाहर से ताला लगाकर भाग निकले।

आस-पास के लोगों ने पुलिस को नशा मुक्ति केंद्र में मारपीट होने की सूचना दी। इसके बाद ट्रोनिका सिटी थाने की पुलिस आधी रात के बाद मौके पर पहुंची। पुलिस ने आस-पास के लोगों के सहयोग से जब केंद्र का ताला तोड़ा, तो अंकित मरणासन्न हालत में पड़ा था। पुलिस तुरंत उसको नजदीकी अस्पताल लेकर गई, जहां मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने सुबह उसके शव को पोस्‍टमार्टम के लिए भेजा है।

पत्नी बोली- ठीक करने के लिए भर्ती कराया था, लाश मिली


अंकित बत्रा की पत्नी अंगीता बत्रा ने बताया,”मेरे पति ड्रिंक करते थे। मैंने उन्हें ठीक करने के लिए इस केंद्र में भर्ती कराया। वो 1 दिसंबर 2022 को भर्ती हुए और 6 फरवरी 2023 को घर वापस आ गए। इसके बावजूद उन्होंने शराब पीना नहीं छोड़ा। मैंने केंद्र संचालक को फोन करके आपत्ति जताई कि आपने कैसा इलाज किया है। मेरी फोन पर गाली-गलौज भी हुई कि तुमने पैसे भी ले लिए। इस पर केंद्र संचालक ने कहा कि मैं आपके पति को लेने आ रहा हूं और इस बार बिल्कुल ठीक कर दूंगा।”

“वो मेरे पति को 15 मार्च को घर से ले गए। 16 मार्च की दोपहर साढ़े तीन बजे मेरी बात हुई तो केंद्र संचालक ने कहा कि अंकित सो रहे हैं। मैंने पूछा कि आप ऐसा क्यों बोल रहे हो? तो वो बोला कि आपकी दोनों गुड़िया बहुत प्यारी हैं। कल रात साढ़े 12 बजे एक कॉन्स्टेबल का फोन आया और उन्होंने बताया कि मेरे पति की हालत क्रिटिकल है, आप जल्दी आ जाइये। मैं अस्पताल गई तो पति का शव पड़ा हुआ था।”

DCP बोले- केंद्र संचालक और 3-4 लोगों पर FIR

DCP देहात रवि कुमार ने बताया,”नशा मुक्ति केंद्र रामपार्क एक्सटेंशन क्षेत्र में एक घर में चल रहा था। ये ग्राउंड प्लस वन फ्लोर का सेंटर है, जो बेहद छोटा है। यहां मृतक अंकित समेत 7-8 लोग मौजूद रहते थे। अंकित बत्रा की मारपीट करके हत्या कर दी गई है। इस सूचना पर ट्रोनिका सिटी थाने में FIR दर्ज की जा रही है। आरोप केंद्र संचालक विपिन ठाकुर और अन्य तीन-चार लोगों पर है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।”

गाजियाबाद और नोएडा में एक-एक और नशा मुक्ति केंद्र के संचालक पर छेड़छाड़ के आरोप लगे हैं।

केंद्र संचालक पर छेड़छाड़ का आरोप
ट्रोनिका सिटी थाना क्षेत्र में ही एक और नशा मुक्ति केंद्र की शिकायत पुलिस से हुई है। न्यू जागृति नशा मुक्ति केंद्र में दौलतनगर निवासी एक युवक 5 मार्च से भर्ती है। 7 मार्च को उसकी पत्नी मिलने के लिए केंद्र पर पहुंची। आरोप है कि केंद्र संचालक ने महिला से अश्लील हरकत और छेड़खानी की। अब वो अकेले में मिलने का दबाव बना रहा है। पुलिस ने इस मामले में केंद्र संचालक जितेंद्र मलिक पर FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

नोएडा में भी एक हफ्ते पहले हुआ है कत्ल
ग्रेटर नोएडा के सेक्टर-112 स्थित नशा मुक्ति केंद्र में भी 9 मार्च को मेरठ के इंद्रजीत सिंह की हत्या का मामला सामने आया था। केंद्र संचालक ने परिजनों को सूचना दी कि मिर्गी के दौरे पड़ने के चलते इंद्रजीत को हॉस्पिटल में भर्ती कराया था, बाद में उसकी मौत हो गई। मृतक का भाई जब मौके पर पहुंचा तो देखा कि सिर से खून बह रहा था। उसने हत्या की आशंका जताते हुए FIR कराई। इसके बाद पुलिस ने विश्राम फाउंडेशन के संचालक समेत कई को गिरफ्तार किया था।

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

Latest article