बदमाशों ने दिनदहाड़े व्यवसायी के पुत्र को मारी गोली

Must read

मधुबनी। एक बार फिर बिहार में कानून व्यवस्था बिगड़ती जा रही है। लगातार हो रहे आपराधिक घटनाओं से भय का माहौल बनता जा रहा है। इस बीच मधुबनी जिले के फुलपरास थाना क्षेत्र के सिसवार बाजार में बाइक सवार बदमाशों द्वारा बीच बाजार में मसाला व्यवसायी के पुत्र को गोली मारने की घटना से हड़कंप मच गया है। दिनदहाड़े और बीच बाजार में हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवालिया निशान लगा दिया है। यह घटना रविवार 22 सितंबर की दोपहर करीब एक बजे की है। गोली लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया जा रहा है कि घायल युवक नरहिया से खुटौना जा रहा था। घायल युवक का नाम शिवम कुमार (21) है और वह मसाला व्यवसायी प्रमोद साह का बेटा है। जानकारी के मुताबिक सिसवार बाजार में मोटरसाइकिल सवार तीन बदमाश दिनदहाड़े खुलेआम हथियार लेकर आए और शिवम कुमार पर फायरिंग कर उससे पैसे लूटने का प्रयास करने लगे। यह घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि कैसे बाइक सवार तीन बदमाश बीच बाजार में गोली चला रहे हैं। मानो उन्हें कानून व्यवस्था का कोई खौफ ही नहीं है। उधर गोली मारने के बाद तीनों बदमाश फरार हो गए। घटना के बाद युवक की गंभीर हालत को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए दरभंगा के मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (डीएमसीएच) रेफर कर दिया गया। बहरहाल पुलिस सीसीटीवी से अज्ञात बदमाशों की पहचान में जुटी है। गोलीबारी लूटपाट के इरादे से हुई या फिर पहले से कोई रंजिश थी, यह पुलिस जांच के बाद ही पता चल पाएगा।

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

Latest article