डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान में ऑक्सीजन सिलेंडर फटा, मची अफरातफरी

Must read

लखनऊ। लखनऊ के डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान में ऑक्सीजन सिलेंडर में हुए ब्लास्ट से अफरातफरी मच गई। सोमवार सुबह 10.50 बजे ब्लास्ट हुआ। धमाका इतना तेज था कि ग्राउंड फ्लोर की ओपीडी में मौजूद मरीजों में हड़कंप मच गया। यह धमाका दूसरी मंजिल के मेडिसिन वार्ड में हुआ। वार्ड में भर्ती मरीज और उनके तीमारदार भी सकते में आ गए और बाहर निकलने लगे। धमाके के बाद काफी देर तक गैस रिसाव होता रहा। लोहिया संस्थान के प्रवक्ता डॉ.भुवन चंद्र तिवारी ने बताया कि मेडिसिन वॉर्ड में ऑक्सीजन सिलेंडर के वाल्व लगाने के दौरान वाल्व फट गया। इस दौरान राकेश नाम के टेक्नीशियन के हाथ में मामूली चोट आई है। ओपीडी में भगदड़ जैसी स्थिति की जानकारी नहीं है। लोहिया संस्थान में ओल्ड हॉस्पिटल विंग के दूसरे फ्लोर पर मेडिसिन वॉर्ड है। इसी वार्ड में वॉल्व लगाते समय ऑक्सीजन सिलेंडर में ब्लास्ट हुआ। धमाका इतना तेज था कि, जिसने भी सुना, वह बाहर की ओर भागा। कुछ तीमारदार अपने पेशेंट को लेकर निकलते दिखाई दिए। धमाके के बाद काफी देर तक गैस का रिसाव हो रहा था, इससे लोग और डर गए। हालांकि यह ऑक्सीजन था, जिसकी वजह से किसी को कोई परेशानी नहीं हुई। मरीजों ने कहा कि कोई और गैस होती तो हालात बिगड़ जाते। एक प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार ब्लास्ट के बाद नीचे ओपीडी ब्लॉक में तेज धमाके की आवाज सुनाई दी। इसके बाद खचाखच भरे ओपीडी हॉल में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। भागते समय कुछ लोग गिर भी गए। कुछ ही देर में ओपीडी ब्लॉक खाली हो गया। लोगों में अफरातफरी देखकर हॉस्पिटल प्रशासन ने तुरंत अनाउंसमेंट करना शुरू कर दिया। लोगों से शांत रहने की अपील की गई। इसके बाद वहां मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली और करीब 15 मिनट बाद ओपीडी का काम फिर से शुरू हो सका।

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

Latest article